सरल डेस्क
राजस्थान के अलवर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पॉक्सो कोर्ट संख्या-1 के न्यायाधीश ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के आरोपी को 30 साल के कारावास की सजा सुनाई है। जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2025 में प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र में आरोपी युवक ने नाबालिग लड़की का नहाते समय अश्लील वीडियो बना लिया था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार पीड़िता के साथ दुष्कर्म और शोषण करता रहा।
नहाते समय पीड़िता का वीडियो
अधिवक्ता ने बताया कि 4 अप्रैल 2025 को पीड़िता के पिता ने प्रतापगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया। शिकायत में बताया गया कि 20 फरवरी को परिवार के लोग बाहर गए हुए थे, तभी आरोपी ने नहाते समय पीड़िता का वीडियो बना लिया और उसी रात घर में घुसकर ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म किया। इसके बाद 24 फरवरी और 1 अप्रैल को भी आरोपी घर में घुसकर दुष्कर्म करता रहा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह पीड़िता को लगातार डराता रहा।
30 साल की कठोर कारावास की सजा
2 अप्रैल को जब पीड़िता पहाड़ पर बकरियां चराने गई थी, तब आरोपी अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता को पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद होश आने पर पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी अपने परिवार को दी। सभी सबूतों और गवाहों के आधार पर अलवर पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी को दोषी मानते हुए 30 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है।