सरल डेस्क
यात्रा के दूसरे दिन स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद इस समय रायबरेली में हैं। इसी बीच उन पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज पर रीवा एक्सप्रेस में कथित हमला होने की खबर सामने आई है। इस मामले में आरोप स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके समर्थकों पर लगाए गए हैं।
पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि हमला ट्रेन में होने की बात कही जा रही है, जबकि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी तैनात रहती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति रेलवे की सुरक्षा में यात्रा कर रहा हो, तो उस पर हमला कैसे हो सकता है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि जब आशुतोष महाराज बाथरूम में गए थे, तब वे पूरी तरह ठीक थे, लेकिन बाहर आने के बाद उन्होंने हमले की बात कही। उन्होंने सवाल किया कि अगर हमला बाहर हुआ तो किसी ने उसे देखा क्यों नहीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह की शारीरिक हिंसा के पक्षधर नहीं हैं। उनका कहना है कि भले ही उन पर गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगाए गए हों, फिर भी वे नहीं चाहते कि किसी प्रकार की हिंसा हो। उन्होंने कहा कि वे इन आरोपों का जवाब तर्क और प्रमाणों के आधार पर देंगे, न कि किसी हिंसक तरीके से।