यूपी डेस्क
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल अभी से वोटरों को लुभाने की रणनीति में जुट गए हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लखनऊ के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाना चाहते थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे बर्बाद कॉरिडोर बना दिया। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए जगह ही नहीं है और यह निर्माण के सभी मानकों के खिलाफ है।
गैस सिलेंडर की किल्लत पर तंज
गैस सिलेंडर की किल्लत पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब सिलेंडर मुकद्दर का हो गया है, भाग्य में होगा तो मिलेगा, नहीं तो लाइन में लगना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि झांसी में बीजेपी के एक नेता ने भरे सिलेंडरों का पूरा ट्रक चोरी करवा दिया।
गोरखपुर की कानून-व्यवस्था पर भी हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वहां बीजेपी के ही राज्यसभा सांसद को कहना पड़ा कि अगर आरोपियों को बख्शा गया तो राज्यसभा में नंगा कर दूंगा। इससे साफ है कि बीजेपी के अपने नेता ही सरकार की पोल खोल रहे हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यूपी पुलिस का नया सिद्धांत बन गया है – “हथेली गरम तो पुलिस नरम”, और गोरखपुर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है।