सरल डेस्क
अयोध्या। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू रविवार को पावन नगरी अयोध्या पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीराम लला के दरबार में श्रद्धापूर्वक मत्था टेककर दर्शन-पूजन किया और प्रदेश सहित समूचे राष्ट्र के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत वे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आयोजित ‘प्रतिष्ठा द्वादशी यज्ञ’ अनुष्ठान में भी सम्मिलित हुए। यज्ञ के दौरान उन्होंने विश्व शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां चल रहे भव्य एवं दिव्य निर्माण कार्यों को अत्यंत श्रद्धा और उत्सुकता के साथ निहारा। उन्होंने श्रीराम मंदिर की स्थापत्य कला, आध्यात्मिक वातावरण और व्यवस्थाओं की सराहना की। मंदिर परिसर में व्याप्त आस्था और भक्ति का वातावरण उन्हें भावविभोर करता नजर आया।
इस अवसर पर मंदिर प्रशासन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का यह दौरा आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।