दिल्ली डेस्क
दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना को बढ़ावा देने के लिए राजधानी में जल्द ही ‘PM एकता मॉल’ (यूनिटी मॉल) बनाने की तैयारी शुरू करने की घोषणा की है। यह मॉल दिल्ली के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों—पीतमपुरा, आईएनए या मजनू का टीला—में से किसी एक स्थान पर बनाया जा सकता है।
केंद्र सरकार के लगभग 5,000 करोड़ रुपये के बजट वाले इस महत्वाकांक्षी विजन के तहत देश के स्वदेशी हस्तशिल्प, हथकरघा और GI-टैग उत्पादों के लिए एक विशेष रिटेल केंद्र तैयार किया जाएगा। इस मॉल का उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों के स्थानीय उत्पादों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित करना और उनकी बिक्री को बढ़ावा देना है।
पारंपरिक और विशिष्ट उत्पाद प्रदर्शित
PM एकता मॉल की घोषणा केंद्रीय बजट 2023-24 में की गई थी। यह पहल ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मॉल में देश के प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश के लिए अलग-अलग समर्पित स्थान होंगे, जहां उनके पारंपरिक और विशिष्ट उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित मॉल में ODOP योजना के तहत चुने गए विशेष उत्पादों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले अन्य पारंपरिक सामान भी उपलब्ध होंगे। इससे न सिर्फ स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्योगों को बड़ा बाजार मिलेगा, बल्कि दिल्ली आने वाले पर्यटकों को भी भारत की विविध सांस्कृतिक और हस्तशिल्प परंपराओं को एक ही जगह देखने का मौका मिलेगा।