सरल डेस्क
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) की 80 वर्षीय अध्यक्ष जिया का 23 नवंबर से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में कई स्वास्थ्य समस्याओं के कारण इलाज चल रहा है।
11 दिसंबर को फेफड़े और अन्य महत्वपूर्ण अंगों में समस्या के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। उनके स्वास्थ्य को लेकर एक ब्रीफिंग में डा. एजेडएम जाहिद ने कहा, ‘यह नहीं कहा जा सकता कि उनकी हालत में सुधार हुआ है। वह बेहद नाजुक दौर से गुजर रही हैं।’ उन्होंने देश से जिया के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने का भी आग्रह किया।
पार्टी सदस्यों ने बताया कि उनके बेटे और बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने अस्पताल में दो घंटे से अधिक समय बिताया। जिया के इलाज में स्थानीय और विदेशी दोनों चिकित्सक शामिल हैं। उनकी बहू डा. जुबैदा रहमान भी उपचार प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।