प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
बिहार के नालंदा ज़िले स्थित शीतला मंदिर में मंगलवार को पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बिहारशरीफ़ के मॉडल अस्पताल के डॉक्टर बिस्वजीत कुमार ने एग्जीक्यूटिव एडिटर प्रकाश मेहरा को बताया कि “करीब 13–14 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से 8 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफ़र किया गया है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार और महावीर जयंती के कारण मंदिर में भारी भीड़ जुटी हुई थी। पूजा के दौरान अचानक बैरिकेड्स टूट गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। कुछ लोगों का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण हालात बेकाबू हो गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि “अचानक भीड़ बढ़ने और बैरिकेड टूटने के बाद लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे कई लोग कुचल गए। वहीं, पटना से आई एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि अंदर जाने से पहले ही उन्हें बाहर भेज दिया गया और वहां लाठीचार्ज की भी बात सामने आई है।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने भी जताई संवेदना
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि ‘सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और घायलों के इलाज पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।