प्रकाश मेहरा
उत्तराखंड डेस्क
उत्तराखंड:- अंकिता भंडारी (19 वर्षीय) उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य (तत्कालीन भाजपा नेता विनोद आर्य के बेटे) और उनके दो कर्मचारियों (सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता) ने कथित तौर पर “एक्स्ट्रा सर्विस” (विशेष सेवाएं) देने से इनकार करने पर अंकिता की हत्या की और शव को चीला नहर में फेंक दिया। मई 2025 में कोर्ट ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मामले में “वीआईपी एंगल” की चर्चा शुरू से रही, लेकिन मुख्य आरोपियों को सजा हो चुकी है।
उर्मिला सनावर का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
22-23 दिसंबर को मामला फिर सुर्खियों में आया जब भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो वायरल किए। इनमें दावा किया गया कि “हत्याकांड में एक “वीवीआईपी” (जिसे “गट्टू” या दुष्यंत कुमार गौतम जैसे नाम से जोड़ा गया) शामिल था। अंकिता पर वीआईपी गेस्ट को विशेष सेवाएं देने का दबाव था। कुछ भाजपा नेताओं का हाथ था, और सबूत मिटाए गए।
इसके बाद यमकेश्वर की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया और मामले की जांच की मांग की। कांग्रेस ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग की। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि धामी सरकार ने सबूत मिटाए और आरोपियों को बचाया।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए एक महिला (उर्मिला सनावर) को मोहरा बना रही है। वायरल ऑडियो AI से मैनिपुलेटेड (फर्जी) है, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई। कांग्रेस ने पहले “वीआईपी एंगल” का दावा किया लेकिन कोर्ट में सबूत पेश नहीं किए। अंकिता की आत्मा को ठेस पहुंचाने और अनावश्यक साजिश रचने का आरोप लगाया।
चेतावनी दी कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सार्वजनिक माफी नहीं मांगते तो पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन होंगे। भाजपा ने मामले में तेज कार्रवाई कर न्याय दिलाया, जबकि कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है। सियासत तेज है, दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। मुख्य हत्याकांड में न्याय हो चुका है (आजीवन कारावास), लेकिन नया “वीआईपी एंगल” विवादास्पद है और ज्यादातर भाजपा इसे फर्जी साजिश बता रही है।