विशेष डेस्क
इराक में अमेरिकी वायुसेना का एक रिफ्यूलिंग टैंकर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार चार क्रू मेंबर्स की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश अब भी जारी है। हादसे की पुष्टि अमेरिकी सेना के मध्य-पूर्व कमान केंद्र United States Central Command (सेंटकॉम) ने की है।
सेंटकॉम के अनुसार, यह दुर्घटना इराक में नियमित सैन्य अभियान के दौरान हुई। विमान हवा में अन्य सैन्य विमानों को ईंधन उपलब्ध कराने के मिशन पर था, तभी वह अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें चार क्रू मेंबर्स के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। अमेरिकी सेना ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हादसा किसी दुश्मन के हमले या ‘फ्रेंडली फायर’ की वजह से नहीं हुआ। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
सैन्य अभियानों में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका
रिफ्यूलिंग टैंकर विमान सैन्य अभियानों में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये विमान हवा में ही लड़ाकू विमानों और अन्य सैन्य विमानों को ईंधन उपलब्ध कराते हैं, जिससे लंबी दूरी के मिशन संभव हो पाते हैं। अमेरिकी सेना ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों और अन्य विवरणों को सार्वजनिक किया जाएगा। वहीं लापता क्रू मेंबर्स की तलाश के लिए राहत और बचाव टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।