सरल डेस्क
आजकल गैस और ईंधन की किल्लत को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी माहौल का फायदा उठाने के लिए साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं और नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी C. Senthil Rajan ने एक अहम चेतावनी जारी की है। उन्होंने बताया कि इन दिनों लोगों के मोबाइल फोन पर “गैस बिल APK फाइल” के नाम से संदिग्ध मैसेज भेजे जा रहे हैं। ये मैसेज देखने में बिल्कुल असली लगते हैं, जिससे आम लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं।
इन APK फाइल्स को डाउनलोड करने के बाद यूजर्स से बैंक डिटेल, OTP या अन्य संवेदनशील जानकारी मांगी जाती है। जैसे ही कोई व्यक्ति अपनी जानकारी दर्ज करता है, ठग उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं और कुछ ही मिनटों में खाता खाली हो सकता है।
साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं
सरकार और साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें। हमेशा आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें। अगर आपके पास भी इस तरह का कोई संदिग्ध मैसेज आता है, तो उसे तुरंत डिलीट करें और नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है।