दिल्ली डेस्क
ईद-उल-फितर के मौके पर दिल्ली के उत्तम नगर में मुस्लिम समुदाय ने ईदगाह के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों पर फूल बरसाकर उनका आभार जताया। तनावपूर्ण माहौल के बावजूद ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से हुई और इलाके में भाईचारे व एकता का संदेश देखने को मिला।
नई दिल्ली:- दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में ईद-उल-फितर के मौके पर एक दिल छू लेने वाली और सकारात्मक घटना देखने को मिली। ईदगाह कमेटी और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह के बाहर तैनात सुरक्षा बलों, खासकर दिल्ली पुलिस के जवानों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका सम्मान किया और आभार व्यक्त किया।
ईद की नमाज अदा करने के बाद जब लोग ईदगाह से बाहर निकले तो बड़ी संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं। इस दौरान पुलिसकर्मी इलाके में गश्त कर रहे थे और कमेटी के सदस्य उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दे रहे थे। यह दृश्य भाईचारे, शांति और आपसी सम्मान की खूबसूरत मिसाल बन गया।
इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था
बताया जा रहा है कि हाल ही में होली के दौरान युवक तरुण कुमार हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। कुछ अफवाहें और भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर फैलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी, जिसमें 150 से 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती, पैदल गश्त, छतों पर निगरानी, बैरिकेडिंग और 100 से अधिक पिकेट पॉइंट्स लगाए गए थे।
प्रशासन की सख्ती और समुदाय के सहयोग से ईद की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से भी किसी विवाद की खबर नहीं आई। ईदगाह के बाहर पुलिस पर फूल बरसाने की यह घटना सांप्रदायिक सद्भाव और एकता का प्रतीक बन गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस पहल के जरिए समुदाय ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे जवानों को धन्यवाद दिया और शांति व भाईचारे का संदेश पूरे देश तक पहुंचाया।