अनिल गुप्ता
स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली:- नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन केशव चंद्रा ने आज इंडिया–अफ्रीका फ्रेंडशिप रोज़ गार्डन, चाणक्यपुरी में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक शीतकालीन गुलाब प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी का आयोजन एनडीएमसी द्वारा द रोज़ सोसाइटी ऑफ़ इंडिया के सहयोग से किया गया है। इस विंटर रोज़ शो में देशभर से आए प्रतिभागियों द्वारा गुलाब की 70 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया गया है, जिन्हें 22 क्लास और 175 से अधिक सेक्शन में वर्गीकृत किया गया है। प्रदर्शनी में लगभग 1,250 एग्ज़िबिट शामिल हैं। करीब 10 प्रमुख संस्थानों और 200 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी ने इसे राजधानी की सबसे जीवंत और भव्य पुष्प प्रदर्शनी में से एक बना दिया है।
हरित और सौंदर्यपूर्ण राजधानी बनाने का लक्ष्य
उद्घाटन के अवसर पर चेयरमैन केशव चंद्रा ने एनडीएमसी के हरित, सौंदर्यपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल स्मार्ट सिटी के विज़न की सराहना करते हुए द रोज़ सोसाइटी ऑफ़ इंडिया के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पुष्प प्रदर्शनी नई दिल्ली को हरित और सौंदर्यपूर्ण राजधानी बनाने के लक्ष्य से पूरी तरह मेल खाती हैं।
गुलाब के महत्व पर प्रकाश डालते हुए चंद्रा ने कहा कि ‘यह फूल कठिन परिस्थितियों में भी खिलकर जीवन में सकारात्मकता और लगन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि “गुलाब की खेती केवल एक शौक नहीं, बल्कि कई लोगों के लिए आजीवन जुनून है, जो वैश्विक रोज़ मूवमेंट का अहम हिस्सा बन चुका है और आम जनता में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाता है।
सप्ताहांत में गुलाब प्रदर्शनी का भ्रमण करें
चेयरमैन ने दिल्ली और एनसीआर के नागरिकों से अपील की कि वे सप्ताहांत में इस गुलाब प्रदर्शनी का भ्रमण करें और रंग-बिरंगे फूलों, मोहक खुशबू और शांत, हरित वातावरण का आनंद लें। उन्होंने कहा कि “यह प्रदर्शनी गुलाब प्रेमियों को अनुभव साझा करने, मानसिक तनाव से मुक्ति पाने और प्रकृति से जुड़ने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है। प्रदर्शनी की शोभा बढ़ाने के लिए एनडीएमसी और नवयुग स्कूल के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने गुलाब थीम पर आयोजित ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रदर्शनी में स्टैंडर्ड, फ्लोरिबुंडा और मिनिएचर श्रेणियों के गमले में उगाए गए गुलाब प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें गुलाबी, लाल, पीले, नारंगी, नीले, काले, हरे, खुबानी, दो-रंग, धारीदार और सुगंधित किस्में शामिल हैं। आगंतुक कटे हुए फूल, कलात्मक गुलदस्ते, माला, गजरे, बटनहोल, प्लांटर और वैल्यू-एडेड गुलाब उत्पाद भी देख सकते हैं। विशेष आकर्षणों में ग्रीनहाउस में उगाए गए गुलाब और बिना मिट्टी की खेती से तैयार गुलाब शामिल हैं।
वैज्ञानिकों और गुलाब विशेषज्ञों के पैनल
गुलाब प्रतियोगिता में एनडीएमसी, सीपीडब्ल्यूडी, हुडा, पीजीआई चंडीगढ़ और पूसा संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भाग ले रहे हैं। वहीं, आर्टिस्टिक इकेबाना अरेंजमेंट शो की दृश्यात्मक सुंदरता को और निखार रहे हैं। इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित गुलाबों का मूल्यांकन आईएआरआई, एनबीआरआई (पुणे), भोपाल, कोलकाता और फरीदाबाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के वैज्ञानिकों और गुलाब विशेषज्ञों के पैनल द्वारा किया जा रहा है।
एनडीएमसी की यह वार्षिक गुलाब प्रदर्शनी रविवार, 21 दिसंबर को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी और सभी आयु वर्ग के प्रकृति प्रेमियों को गुलाबों की दुनिया का एक यादगार अनुभव प्रदान करेगी।