अनिल गुप्ता
दिल्ली डेस्क
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि चूँकि दिल्ली देश की राजधानी है, इसलिए इसे और अधिक सुंदर बनाना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजधानी की खूबसूरत छवि देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया तक पहुंचनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को New Delhi Municipal Council (एनडीएमसी) द्वारा Central Park Connaught Place में आयोजित चार दिवसीय पुष्प महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्र, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि और परिषद के सचिव राहुल सिंह भी उपस्थित रहे।
ट्यूलिप देखने के लिए अब कश्मीर जाने की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले दिल्ली के लोगों को ट्यूलिप देखने के लिए Kashmir जाना पड़ता था, लेकिन अब एनडीएमसी हर साल दिल्ली में ट्यूलिप की बहार ला रही है। उन्होंने कहा कि यह ट्यूलिप फेस्टिवल अब दिल्लीवासियों के लिए “सेल्फी फेस्टिवल” बन गया है, जहां लोग फूलों के साथ तस्वीरें लेते हुए आनंद उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फाल्गुन के महीने में नई दिल्ली रंग-बिरंगे फूलों से गुलजार रहती है और एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में चुनिंदा फूलों का यह पुष्प महोत्सव आयोजित कर राजधानी के सौंदर्य को और बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी के बागवानी विभाग के माली और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से पूरा इलाका फूलों से महक रहा है।
अन्य विभाग भी लें प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि “दिल्ली की अन्य संस्थाओं और विभागों को भी एनडीएमसी के प्रयासों से प्रेरणा लेनी चाहिए और राजधानी के हर इलाके को हरा-भरा और फूलों से सुसज्जित बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली का एक इलाका फूलों से खिल सकता है तो बाकी इलाके भी खिल सकते हैं—इसके लिए सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है।
होली के आगमन पर फूलों से सजती है नई दिल्ली
एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि फाल्गुन माह में होली के आगमन के साथ नई दिल्ली को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने की परंपरा रही है। इसी क्रम में कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में हर वर्ष विशेष पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है, जिसे सफल बनाने के लिए बागवानी विभाग के कर्मचारी लगातार मेहनत करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी राजधानी की प्रतिष्ठा
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि G20 Summit जैसे बड़े आयोजनों और हाल ही में आयोजित एआई समिट के दौरान एनडीएमसी के बागवानी विभाग ने अपनी मेहनत से राजधानी की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के विकसित भारत @2047 के विज़न के अनुरूप नई दिल्ली को हरा-भरा, स्वच्छ और आकर्षक बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
48 किस्मों के 15,500 से अधिक पौधे प्रदर्शित
एनडीएमसी पुष्प महोत्सव 3 से 6 मार्च 2026 तक आम लोगों के लिए खुला है और इसमें प्रवेश निशुल्क है। इस महोत्सव में 18 सेक्शनों में 15,500 से अधिक गमलों में 48 प्रकार के फूलों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में डहलिया, पेटुनिया, पैंसी, साल्विया और मैरीगोल्ड जैसे मौसमी फूलों के अलावा फूलों से बने जानवरों और पक्षियों के आकार, रंगीन फ्लोरल बोर्ड, ट्रे गार्डन, बड़े हैंगिंग बास्केट, टेरारियम और ईस्टर्न-वेस्टर्न स्टाइल की फूल सजावट भी आकर्षण का केंद्र हैं।
सेल्फी पॉइंट और म्यूजिकल फाउंटेन भी आकर्षण
सेंट्रल पार्क में पिरामिड, हार्ट शेप, कोनिकल और सिलेंडर जैसे फ्लोरल स्ट्रक्चर तथा विशेष सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। शाम के समय पार्क के मध्य में रंगीन रोशनी के साथ म्यूजिकल फाउंटेन भी दर्शकों को आकर्षित करेगा।
बागवानी से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री
महोत्सव में आए लोग नर्सरी प्लांट्स, बोनसाई, हाइड्रोपोनिक्स, कैक्टस और हर्बल पौधों से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी देख सकते हैं। यहां फूलों के बीज, हैंगिंग मटीरियल, गमले, खाद और फूलों की सजावट से जुड़ा सामान भी खरीदा जा सकता है। एनडीएमसी ने लोगों से अपील की है कि वे बसंत के इस मौसम में पुष्प महोत्सव में आकर फूलों की खूबसूरती और खुशबू का आनंद लें।