यूपी डेस्क
निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को वृंदावन में अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) रखा गया है.अग्निहोत्री ने यह घोषणा श्री हरिदास धाम आश्रम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की.उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की विचारधारा भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों के आदर्शों को साथ लेकर चलेगी और वह इन्हीं मूल्यों के साथ जनता के बीच जाएंगे. उन्होंने कहा कि वृंदावन की पवित्र भूमि से राजनीतिक यात्रा शुरू करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की नगरी से संकल्प लेना उनके लिए विशेष महत्व रखता है.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी को अनुशासनहीनता के आरोप में अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया था. उसी दिन उन्होंने अपना इस्तीफा भी दिया था. बाद में उन्हें शामली जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया. मंडलायुक्त ने उन्हें 15 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है.