प्रकाश मेहरा
दिल्ली डेस्क
दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। एक चार मंजिला इमारत में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह करीब 6:50 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर कॉस्मेटिक की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोग रह रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने तेजी से पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत का एकमात्र बाहर निकलने का रास्ता भी धधकती लपटों में घिर गया। इससे कई लोग अंदर ही फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ लोगों को ऊंचाई से कूदना पड़ा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके।
सटीक कारणों की जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।प्रशासन की ओर से आग लगने के सटीक कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।