सरल डेस्क
बांग्लादेश संसदीय चुनाव से मात्र तीन दिन पहले, 9 फरवरी की रात को एक हिंदू व्यवसायी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय सुशेन चंद्र सरकार के रूप में हुई है, जो दक्षिणकांडा गांव के निवासी थे। वह एक चावल व्यापारी थे और त्रिशाल उपजिला के बोगार बाजार चौराहे पर दुकान चलाते थे।
हिंदू बिज़नेसमैन की अनजान हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना बांग्लादेश के मैमनसिंह ज़िले में हुई, जहां एक और हिंदू आदमी, दीपू चंद्र दास को भी लिंच करके जला दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, हत्या रात 11 बजे बाज़ार के चौराहे पर हुई। अज्ञात हमलावरों ने सरकार को धारदार हथियार से काट कर दुकान के अंदर ही छोड़ दिया और शटर बंद कर दिया। सरकार की हत्या के बाद दुकान से लाखों रुपये भी चुरा लिए। सरकार के परिवार ने उन्हें ढूंढते हुए दुकान के अंदर खून से लथपथ पाया। उन्हें तुरंत मैमनसिंह मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित के बेटे सुजान सरकार ने कहा कि हत्यारों ने उनके पिता की हत्या करने के बाद दुकान से पैसे चुरा लिए। सरकार लंबे समय से चावल का बिजनेस करते थे। बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल के मुर्दाघर में है और कानूनी कार्रवाई चल रही है।