स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले ने करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया था, लेकिन पूर्व दिग्गज क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की एक हालिया पोस्ट ने एक बार फिर उम्मीदों का सैलाब ला दिया है। नवजोत सिंद सिद्धू ने अपने एक पोस्ट में कोहली को लेकर एक विश मांगी है, जिसने फैंस को भी भावुक कर दिया है।
विराट कोहली के लिए एक दिल छू लेने वाला मैसेज
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर विराट कोहली के लिए एक दिल छू लेने वाला मैसेज शेयर किया है। सिद्धू ने कोहली की फिटनेस और खेल के प्रति उनके जुनून की जमकर तारीफ की। सिद्धू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, अगर भगवान मुझे एक विश (मन्नत) मांगने का मौका दे, तो मैं चाहूंगा कि विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में वापसी करें। 1.5 अरब लोगों के देश को इससे ज्यादा खुशी और आनंद किसी और चीज से नहीं मिलेगा। उनकी फिटनेस 20 साल के लड़के जैसी है- वह खुद 24 कैरेट सोने के हैं।