सरल डेस्क
गुजरात के राजकोट शहर से एक चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक डॉक्टर पर जासूसी कैमरा लगाकर निजी पलों का वीडियो बनाने और उसे लीक करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है। राजकोट शहर के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में डॉ. कमल नांढा और उनके साथ 12 अन्य लोगों के खिलाफ जबरन वसूली, आपराधिक साजिश, जान से मारने की धमकी और आईटी एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, राजकोट के एक 49 वर्षीय जाने-माने डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि डॉ. कमल नांढा ने साधु वासवानी रोड स्थित अपने क्लिनिक में गुप्त जासूसी कैमरा लगाया हुआ था। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह अपनी महिला मित्र के साथ क्लिनिक में गए, तो वहां उनके निजी पलों का वीडियो चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर लिया गया।
आरोपियों की भूमिका की जांच
आरोप है कि बाद में इस वीडियो का इस्तेमाल ब्लैकमेल और जबरन वसूली के लिए किया गया और वीडियो को कुछ स्थानीय पत्रकारों तक भी पहुंचा दिया गया। इसके साथ ही शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामला सामने आने के बाद राजकोट साइबर क्राइम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईटी एक्ट और आपराधिक साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद राजकोट के मेडिकल और सामाजिक क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है, क्योंकि डॉक्टर जैसे पेशे से जुड़े व्यक्ति पर इस तरह के आरोप लगना बेहद गंभीर माना जा रहा है।