स्पोर्ट्स डेस्क
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बुधवार को साफ किया कि रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम से जुड़ जाएंगे।
दरअसल, रिंकू सिंह मंगलवार यानी 24 फरवरी 2026 की शाम चेन्नई में चल रहे टीम कैंप से अचानक घर लौट गए थे। उनके पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत जाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, उनके पिता स्टेज-4 लीवर कैंसर से जूझ रहे हैं और फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। इस बीच जिम्बाब्वे के खिलाफ ‘करो या मरो’ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने कहा, रिंकू के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वह घर गए थे। मुझे लगता है कि वह आज (बुधवार) शाम तक वापस आ जाएंगे।
बता दें कि रिंकू ने अब तक टूर्नामेंट में भारत के सभी मैच खेले हैं, ऐसे में उनका टीम से जुड़ना बेहद अहम माना जा रहा है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत को 26 फरवरी यानी गुरुवार को सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे से भिड़ना है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की करारी हार के बाद भारत का नेट रन रेट -3.80 हो गया है। ऐसे में बड़े अंतर से जीत दर्ज करना टीम के लिए बेहद जरूरी हो गया है।