सरल डेस्क
विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने सख्ती बढ़ा दी है। आयोग की निगरानी में पांच राज्यों में व्यापक अभियान चलाया गया, जिसके दौरान अब तक 651.51 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और उपहार सामग्री जब्त की गई है।
चुनाव आयोग के अनुसार, चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बड़े पैमाने पर निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 5,173 फ्लाइंग स्क्वाड और 5,200 से अधिक सर्विलांस टीमें लगातार मैदान में तैनात हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 319 करोड़ रुपये की जब्ती दर्ज की गई है, जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी अधिक है। आयोग का कहना है कि चुनाव के दौरान नकदी, शराब और नशीले पदार्थों का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जाता है, इसलिए इन पर सख्ती जरूरी है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और सभी शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए। साथ ही, टीमों को कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने और निष्पक्षता बनाए रखने को कहा गया है।
आयोग ने जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं नकदी, शराब या अन्य अवैध सामग्री के जरिए वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही हो, तो तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।