स्पोर्ट्स डेस्क
नई दिल्ली :- मौजूदा समय के महान बल्लेबाजों में गिने जाने वाले विराट कोहली इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं। दिल्ली से खेलते हुए विराट ने शुक्रवार को गुजरात के खिलाफ शानदार 77 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी के साथ ही कोहली ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज माइकल बेवन का दशकों पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि टीम इंडिया के खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। ऐसे में सिर्फ विराट ही नहीं रोहित शर्मा और ऋषभ पंत भी विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं। पंत तो दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं औ उनके नेतृत्व में ही कोहली खेल रहे हैं।
रिकॉर्ड को कोई तोड़ नहीं पाया
इस पारी के बाद कोहली का लिस्ट-ए का औसत 57.87 हो गया है। उन्होंने माइकल बेवन को पीछे छोड़ते हुए लिस्ट-ए में सबसे ज्यादा औसत (कम से कम 5000 रन) का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बेवन का लिस्ट-ए में रिकॉर्ड 57.86 है। बेवन ने साल 2007 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद भी उनके रिकॉर्ड को कोई तोड़ नहीं पाया था। हालांकि, तकरीबन दो दशक बाद उनका ये रिकॉर्ड कोहली के बल्ले से टूट गया है।
विश्व क्रिकेट के सबसे शानदार बल्लेबाज
कोहली की तुलना आम तौर पर सचिन तेंदुलकर से की जाती है। इसका कारण कोहली की रन बनाने की गति है। उनके हालिया रिकॉर्ड ने बताया है कि कोहली विश्व क्रिकेट के सबसे शानदार बल्लेबाजों में से एक हैं।
गुजरात के खिलाफ बेंगलुरू स्थिति बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कोहली ने 61 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली। इससे पहले आंध्र प्रदेश के खिलाफ उन्होंने शानदार शतक जमाया था। कोहली के बल्ले से उस मैच में 101 गेंदों पर 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से 131 रनों की पारी निकली थी।