दिल्ली डेस्क
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को मंगलवार रात दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 79 वर्षीय सोनिया गांधी को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत के चलते अस्पताल में एडमिट किया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी स्थिति नियंत्रण में है और जरूरी मेडिकल जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी जनवरी महीने में सोनिया गांधी को सांस लेने में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। अब एक बार फिर स्वास्थ्य समस्या के चलते उन्हें अस्पताल लाया गया है।
डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी तरह की गंभीर स्थिति की पुष्टि नहीं की गई है। कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।