सरल डेस्क
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक बेहद खौफनाक वारदात हुई है। स्कूल के अंदर घुसकर एक महिला कर्मचारी को मौत के घाट उतार दिया गया। एक व्यक्ति ने स्कूल परिसर में बच्चों के सामने महिला कर्मी को दराट से हमला कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इस घटना को देखकर बच्चे बुरी तरह से सहम गए।
यह वारदात देहरा उपमंडल के तहत चन्नौर स्कूल में हुई है। यहां स्कूल में मिड-डे मील वर्कर कार्यरत महिला सलोचना देवी को पड़ोसी ने मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है व आगामी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने स्कूल स्टाफ सहित आसपास के लोगों के भी बयान दर्ज किए हैं। पुलिस हत्या के कारण की पड़ताल कर रही है।
देहरा उपमंडल के चन्नौर प्राइमरी स्कूल में दोपहर सवा 12 बजे मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी खाना पका रही थी और इस दौरान गांव के ही व्यक्ति ने स्कूल में घुसकर उस पर दराट से हमला कर दिया। एक साथ कई वार करने के कारण महिला की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया है और उसे पंचनामे के लिए देहरा अस्पताल भेजा है। आरोपित घटनास्थल से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान 58 वर्षीय सुलोचना देवी पत्नी विशंभर दास निवासी चन्नौर के तौर पर हुई है और महिला स्कूल में बतौर मिड डे मील वर्कर कुक तैनात थी। वीरवार हड़ताल के बावजूद वह सेवाएं दे रही थी।