प्रकाश मेहरा
दिल्ली डेस्क
अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हिन्दू संगठनों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली यातायात पुलिस के रवैये को लेकर चिंता जताई गई। बैठक में कहा गया कि होली के दौरान हेलमेट न पहनने पर हजारों लोगों के चालान काटे गए, लेकिन ईद के मौके पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
बैठक में मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राजधानी की सड़कों पर एक ही बाइक पर तीन-तीन नाबालिग बिना हेलमेट घूमते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन यातायात पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद पुलिस चुप्पी साधे हुए है।
हिन्दू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने भी इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस के रवैये को लेकर सवाल उठाए और इसे भेदभावपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियम सभी के लिए समान होने चाहिए और कानून का पालन सभी को करना चाहिए। वहीं अटल जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बम बम महाराज ने कहा कि होली के दौरान बड़ी संख्या में चालान काटे गए थे, लेकिन अन्य मौकों पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती नहीं दिखाई देती।
हिन्दू संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली यातायात पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से अनुरोध किया है कि ट्रैफिक नियमों का पालन सभी नागरिकों से समान रूप से करवाया जाए और किसी भी प्रकार के भेदभाव को रोका जाए।