
दिल्ली डेस्क
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रही तिरंगा यात्राओं की श्रृंखला में नई दिल्ली स्थित आर.के.पुरम विधानसभा में एक भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व आर.के.पुरम के विधायक अनिल शर्मा द्वारा किया गया।
वीर जवानों की अटूट निष्ठा का प्रतीक: अनिल शर्मा
विधायक अनिल शर्मा ने इस अवसर पर सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आर.के.पुरम विधानसभा में भव्य तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। साथ ही हमारी सेना ने अद्वितीय पराक्रम और साहस का प्रदर्शन करते हुए देश की सीमाओं और सम्मान की रक्षा की है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हमारे वीर जवानों की अटूट निष्ठा का प्रतीक है, जो हर नागरिक के हृदय में गर्व और देशभक्ति की भावना को जागृत करता है।”
क्या बोली सांसद बांसुरी स्वराज ?
इस यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद बांसुरी स्वराज ने सहभागिता की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “आर.के.पुरम विधानसभा के मोहम्मदपुर में विधायक श्री अनिल शर्मा द्वारा आयोजित भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ में नई दिल्ली जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रविन्द्र चौधरी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुई। मुनिरका, आर.के.पुरम और वसंत विहार मंडल से होकर गुज़री यह यात्रा देशभक्ति और एकता की अद्भुत मिसाल रही। क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और पदाधिकारियों का उत्साह अविस्मरणीय था।”
इस आयोजन में भाजपा, नई दिल्ली जिला अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
तिरंगे के सम्मान में निकली इस यात्रा ने देश की आज़ादी के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रप्रेम, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की सफलता और अनुशासनात्मक संचालन ने एक आदर्श आयोजन की मिसाल प्रस्तुत की।