
सरल डेस्क
देवरिया: जनपद की बहू भाजपा नेता बंटी तिवारी ने महाराष्ट्र के वसई-विरार महानगरपालिका चुनाव में वार्ड संख्या 16 के पार्षद पद पर कब्जा जमाया है। उनकी शानदार जीत पर उनके गांव और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है लार विकास खंड के डुमरी गांव की रहने वाली बंटी तिवारी पत्नी सुनील तिवारी का मायका कुशीनगर के पडरौना के ग्राम सिंहनजोरी में है।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई महाराजा बालिका इंटर कालेज से पूरी हुई। दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला पीजी कालेज से बीए पास की। वर्तमान में नालासोपारा, मुंबई में उनके पति सुनील तिवारी व्यवसाय करते हैं। 2014 में विवाह के बाद मुंबई में रहकर सामाजिक व जनसेवा से जुड़ गई।
चार बहनों में वह सबसे छोटी हैं। उनके पिता स्व. मधुसूदन मणि त्रिपाठी, तुर्कपट्टी इंटर कालेज कुशीनगर में शिक्षक थे, वर्ष 2001 में उनका निधन हो गया। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा व पारिवारिक जिम्मेदारियों को संतुलित करते हुए समाज में अपनी पहचान बनाई।
उनके पार्षद चुने जाने पर राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, भाजपा नेता निशिरंजन तिवारी, पूर्व प्राचार्य डा.दिवाकर प्रसाद तिवारी, विजय बहादुर दुबे, रामेश्वर सिंह, अधिवक्ता सुशील तिवारी, अजय उपाध्याय, वेदप्रकाश शर्मा आदि ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए बधाई दी है।