
विकास नेगी
सरल डेस्क
हिमांचल प्रदेश : पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है. हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है. पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में ढककर काफी सुंदर लग रहे हैं. लंबे इंतजार के बाद आई इस बर्फबारी ने पर्यटकों का उत्साह दोगुना कर दिया है. औली, बद्रीनाथ और केदारनाथ में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बर्फबारी हुई है.
पर्यटक पहाड़ों पर मनमोहक नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं, इस बीच ठंड का असर भी लगातार बढ़ रहा है. बर्फबारी ने जहां पर्यटन को रौनक दी है, वहीं कई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं. पिछले कुछ दिनों में भारी बर्फबारी के चलते कई जगहों पर गाड़ियां बर्फ में फंसी नजर आई हैं. ट्रैफिक के कारण यात्रियों को कई बार घंटों इंतजार करना पड़ा. हिमाचल में ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिली है.
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण 885 सड़कें बंद हो गई है. यातायात ही नहीं, बिजली और पानी की सप्लाई पर भी असर हुआ है. बीते 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है.