
स्पोर्ट्स डेस्क
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेटरों के साथ उनके परिवारों के ठहरने को लेकर BCCI (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने कड़ा रुख अपनाया है. भारतीय टीम मैनेजमेंट की उस मांग को BCCI ने खारिज कर दिया है, जिसमें खिलाड़ियों की पत्नियों और मंगेतरों को टीम होटल में रहने की अनुमति मांगी गई थी.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट के दौरान परिवार खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगे. हालांकि, अगर कोई खिलाड़ी चाहे तो अपने परिवार के लिए अलग होटल में निजी व्यवस्था कर सकता है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह खिलाड़ी की होगी. BCCI इस संबंध में कोई इंतजाम नहीं करेगा.
BCCI का मानना है कि भारत इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है और टीम को केवल पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए श्रीलंका जाना है, ऐसे में फैमिली स्टे की जरूरत नहीं है.