स्पोर्ट्स डेस्क
आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की, लेकिन इस जीत की पटकथा किसी बड़े स्कोर या धमाकेदार शुरुआत से नहीं, बल्कि राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की एक अहम चूक से लिखी गई. यह चूक थी 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर छूटा एक आसान कैच, जिसकी कीमत आंकड़ों के मुताबिक करीब ₹96 लाख आंकी गई है.
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 11 ओवरों के भीतर ही 73 रनों पर पांच विकेट गंवा दिए थे. टिम सीफर्ट, अजिंक्य रहाणे, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी और रोवमैन पॉवेल जैसे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. मैच पूरी तरह राजस्थान के नियंत्रण में नजर आ रहा था और KKR की निचली पंक्ति पर दबाव बढ़ता जा रहा था.
इसी बीच 10.6 ओवर पर वह पल आया जिसने पूरे मुकाबले का रुख बदल दिया. रिंकू सिंह उस समय महज 8 रन पर थे, जब उनका कैच छूट गया. यह केवल एक साधारण फील्डिंग मिस नहीं थी, बल्कि मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुई.
इस जीवनदान के बाद रिंकू सिंह ने जिस तरह पारी को संभाला, वह KKR की जीत की सबसे बड़ी वजह बना. उन्होंने नाबाद 53 रन बनाए और अंत तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को चार विकेट से जीत दिलाई. खास बात यह रही कि कैच छूटने के बाद KKR ने कुल 88 रन बनाए, जिनमें 45 रन अकेले रिंकू के बल्ले से निकले. यानी उस चरण में टीम के कुल स्कोर में उनका योगदान 51 प्रतिशत से अधिक रहा.