Written by – Sakshi Srivastava
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के दौरान आस्था के साथ खिलवाड़ करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी तरह की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखें और सुनिश्चित करें कि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाएं। सीएम ने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए और किसी भी प्रकार की हिंसा या विवाद की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि किसी भी जाति, मत, मजहब या संप्रदाय से जुड़े देवी-देवताओं, महापुरुषों और साधु-संतों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोमवार को कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान, सीएम ने यह भी बताया कि हर धर्म की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए और महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना आवश्यक है, लेकिन यह भावना किसी पर थोपनी नहीं चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि शारदीय नवरात्रि और विजयदशमी का पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाए। उन्होंने सभी जनपदों और थानों को सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, सीएम ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और पीआरवी 112 की पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों से मिलकर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।