सरल डेस्क
संभल में हाल ही में फ़िरोज़ खान एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इससे पहले गांधी प्रतिमा से लिपटकर भावुक होकर रोने की वजह से सुर्खियों में आए सपा नेता अब अपनी नई मांग को लेकर चर्चा में हैं।
क्या है पूरा मामला ?
समाजवादी पार्टी के नेता फिरोज खान ने प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह सावन के दौरान कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाती है, उसी तरह ईद-उल-फितर के मौके पर नमाज अदा करने वाले लोगों पर भी फूलों की बारिश कराई जाए। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्र सौंपा है, जिसमें खासतौर पर डीआईजी से इस मांग पर विचार करने की अपील की गई है।
फिरोज खान का क्या कहना है ?
फिरोज खान का कहना है कि सभी धर्मों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। अगर कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं के सम्मान में पुष्पवर्षा की जा सकती है, तो ईद के मौके पर नमाजियों के लिए भी ऐसा किया जाना चाहिए। इस मांग के सामने आने के बाद सामाजिक और राजनीतिक हलकों में बहस तेज होने की संभावना है। कुछ लोग इसे समानता की मांग बता रहे हैं, तो कुछ इसे अलग नजरिए से देख रहे हैं।