दिल्ली डेस्क
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने अपनी सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर बड़ा फैसला लेते हुए पुरानी ‘लाडली योजना’ को बंद करने और उसकी जगह नई ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि लाडली योजना 31 मार्च 2026 को बंद कर दी जाएगी, जबकि नई योजना 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। सरकार का कहना है कि यह निर्णय पुरानी योजना की कमियों को दूर करने और बेटियों को अधिक आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से लिया गया है।
लाडली योजना में सामने आईं बड़ी कमियां
दिल्ली सरकार के अनुसार, वर्ष 2008 में शुरू हुई ‘लाडली योजना’ में लंबे समय से भुगतान से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही थीं। सरकार ने बताया कि लगभग 1.86 लाख लाभार्थी लड़कियों को उनके अधिकार की 36,000 रुपये की किस्तें नहीं मिल पाईं। सरकार के मुताबिक, बीते एक साल में लगभग 30,000 लाभार्थियों को ट्रेस कर 90 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। वहीं, अभी भी करीब 41,000 पेंडिंग लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये और दिए जाने की तैयारी है।
नई ‘लखपति बिटिया योजना’ का उद्देश्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नई योजना का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा देकर सशक्त बनाना है। सरकार का दावा है कि यह योजना बेटियों की पढ़ाई को बढ़ावा देगी, जल्दी शादी रोकने में मदद करेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी। सरकार इस योजना पर लगभग 160 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
योजना में कितना मिलेगा लाभ
दिल्ली सरकार के अनुसार, नई योजना में बेटी को जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये किस्तों में दिए जाएंगे। इसके अलावा, ग्रेजुएशन पूरा करने पर 1 लाख रुपये का लम्पसम भुगतान किया जाएगा। इस तरह, एक बेटी को कुल 1.56 लाख रुपये का लाभ मिलेगा।
ग्रेजुएशन से पहले शादी पर नहीं मिलेगा 1 लाख
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई लाभार्थी बेटी ग्रेजुएशन से पहले शादी कर लेती है, तो उसे 1 लाख रुपये की मैच्योरिटी राशि नहीं मिलेगी। योजना में वैक्सीनेशन, स्कूल शिक्षा पूरी करना और 18 वर्ष से पहले शादी न करना जैसी शर्तें भी लागू होंगी।
पात्रता की शर्तें
नई योजना के तहत परिवार की सालाना आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए आवेदक परिवार दिल्ली का निवासी होना चाहिए।बेटी का जन्म दिल्ली में होना जरूरी होगा। योजना का पूरा लाभ ग्रेजुएशन पूरा करने पर ही मिलेगा।
आवेदन प्रक्रिया पर नोटिफिकेशन का इंतजार
फिलहाल सरकार ने आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है। यह योजना दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD) के माध्यम से लागू होगी। आवेदन से जुड़ी जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद WCD की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा
दिल्ली सरकार के इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा शुरू हो गई है। कई लोगों ने इसे बेटियों के लिए सकारात्मक कदम बताया है। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि पुरानी योजना के लंबित भुगतान को पूरी तरह निपटाने के बाद ही नई योजना लागू की जानी चाहिए।