प्रकाश मेहरा | दिल्ली डेस्क
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने देश में गिरते रुपये और महंगे इंडस्ट्रियल फ्यूल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक हालात आम जनता के लिए आने वाली महंगाई का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। राहुल गांधी के अनुसार, देश की अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए केंद्र सरकार के पास कोई ठोस और प्रभावी रणनीति नजर नहीं आ रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि लगातार गिरता रुपया और इंडस्ट्रियल फ्यूल की बढ़ती कीमतें सीधे तौर पर आम लोगों की जेब पर असर डालेंगी। उनका कहना है कि जब उद्योगों के लिए ईंधन महंगा होता है तो उत्पादन लागत बढ़ती है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर पड़ता है। इससे महंगाई बढ़ती है और आम जनता को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं।
कांग्रेस नेता ने आशंका जताई कि चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखकर जनता को राहत का भ्रम दिया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही तेल और गैस के दाम बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया जाता है।
लोगों के लिए बड़ी समस्या
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए स्पष्ट नीति बनाए। उन्होंने कहा कि आम जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और महंगे जीवन यापन से परेशान है, ऐसे में ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को रुपये की स्थिति मजबूत करने, इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों को नियंत्रित करने और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर निगरानी रखने की जरूरत है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और देश की अर्थव्यवस्था स्थिर बनी रहे।