सरल डेस्क
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वालीं सुष्मिता देव ने अपने फैसले के पीछे निजी और राजनीतिक कारणों को जिम्मेदार बताया है। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब कोई नेता पार्टी छोड़ता है, तो उसे राज्यसभा की सीट भी छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि वह सीट पार्टी के समर्थन से प्राप्त होती है। उन्होंने इसे अपना “नैतिक निर्णय” बताया।
उन्होंने आगे कहा कि अगर वह असम की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहती हैं, तो टीएमसी फिलहाल वहां ऐसा राजनीतिक माहौल नहीं बना पा रही है जो उनके राजनीतिक उद्देश्यों के अनुकूल हो। हालांकि, उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी और कहा कि “जल्द ही पता चलेगा कि वह किस दिशा में आगे बढ़ेंगी।” साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि उनके समर्थक उनके साथ बने रहेंगे।