अर्जुन सिंह नई दिल्ली।
डीएसएफ पब्लिक चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित अंडर-25 डीएसएफ क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार एक मार्च को जबरदस्त उत्साह और जोश के साथ हुआ। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों—पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ की टीमें भाग ले रही हैं।
पहले मुकाबले में चमोली चैलेंजर्स और बागेश्वर रॉयल्स आमने-सामने थे। चमोली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एकांश ढोबाल ने 40 गेंदों में 101 रन (11 चौके, 8 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली, जबकि रितिक ने 51 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बागेश्वर रॉयल्स की टीम 105 रन पर सिमट गई और चमोली ने 148 रन से शानदार जीत दर्ज की। बागेश्वर के 19 वर्षीय गेंदबाज आयुष रावत ने 2.4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके और फाइटर ऑफ द मैच बने।
वहीं एकांश ढोबाल को 101 रन और 4 विकेट के ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मुकाबले में चंपावत चैंपियन और रुद्रप्रयाग रेंजर्स के बीच टक्कर हुई। चंपावत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए। राजेंद्र सिंह ने 39 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में रुद्रप्रयाग की टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर ऑल आउट हो गई। चंपावत के गेंदबाज विवेक धामी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लेकर टीम की जीत पक्की की।
मुकाबलों के लिए दर्शकों की उत्सुकता
पहले मैच में मुख्य अतिथि के रूप में बनजोश इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर दीपक बनियाल और गढ़वाल हितैषी सभा के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह विष्ट मौजूद रहे। दूसरे मुकाबले में दिल्ली हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता संजय शर्मा दरमोडा और राकेश बंजोला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट के पहले दिन ही रोमांच, प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे आने वाले मुकाबलों के लिए दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।