अनिल गुप्ता
स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली, 1 मार्च। रेखा गुप्ता ने चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में आयोजित “पहला वर्ष बदलाव का, एक साल विकास का” जन चर्चा सम्मेलन में अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता और कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सांसद प्रवीन खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन में भाजपा के महामंत्री योगेन्द्र चांदोलिया, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग एवं अजय खटाना, विधायक राजकुमार भाटिया, तिलक राम गुप्ता, पूनम भारद्वाज, अशोक गोयल सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंचासीन नेताओं को पुष्प भेंट कर तथा जिलाध्यक्षों को शॉल ओढ़ाकर संगठन के सहयोग की सराहना की।
प्रवास कार्यक्रमों को व्यापक समर्थन
मुख्यमंत्री प्रवास कार्यक्रम के प्रमुख योगेन्द्र चांदोलिया ने बताया कि 23 फरवरी से अब तक आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 50 हजार से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता तथा 497 नागरिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल शामिल हो चुके हैं। उन्होंने इसे जनता की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण बताया।
व्यापारियों और विकास कार्यों पर जोर
सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने एक वर्ष में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को 750 करोड़ रुपये का रिफंड देकर बड़ी राहत दी गई है। चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में 159 करोड़ रुपये की लागत से लटके हुए बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने का बजट पारित किया गया है। साथ ही मुनक नहर पर फ्लाईओवर निर्माण को भी मंजूरी मिली है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 100 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए प्रदान किए हैं, जिससे कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
सामाजिक योजनाएं और महिला सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली सरकार की कई योजनाओं का लाभ पात्रों तक नहीं पहुंच पाया था। उन्होंने बताया कि लाडली योजना के अंतर्गत 1.75 लाख बच्चियों को लाभ नहीं मिला था, जिनमें से 30,000 बच्चियों को 90 करोड़ रुपये की डीबीटी दी जा चुकी है और 40,000 बच्चियों को 100 करोड़ रुपये देने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने जानकारी दी कि लाडली योजना के स्थान पर ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू की गई है, जिसके तहत प्रत्येक बेटी को सवा लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। होली के अवसर पर 17.5 लाख परिवारों को मुफ्त सिलेंडर देने के वादे के तहत 122 करोड़ रुपये की डीबीटी की जाएगी। साथ ही महिलाओं के लिए ‘पिंक कार्ड’ जारी कर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
अवसंरचना परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं—
- शकूरबस्ती में 260 करोड़ रुपये
- त्रिनगर में 100 करोड़ रुपये
- मॉडल टाउन में 160 करोड़ रुपये
- आदर्श नगर में 120 करोड़ रुपये
- वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में 750 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना
इसके अतिरिक्त, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से यूईआर-2 तक 5000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि एमसीडी द्वारा पूर्व में सील की गई 1.5 लाख संपत्तियों पर बिजली मीटर लगाने पर रोक थी, जिसे हटाकर अब सभी संपत्तियों को बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जल्द ही सीवर मास्टर प्लान भी सार्वजनिक किया जाएगा।
विपक्ष पर टिप्पणी
मुख्यमंत्री ने विपक्ष, विशेषकर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में अब “धोखाधड़ी की हांडी” दोबारा नहीं चढ़ेगी। उन्होंने विभिन्न कथित घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित मामलों में जवाबदेही तय होगी। कार्यक्रम का समापन सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों के प्रस्तुतिकरण और आगे के विकास संकल्प के साथ हुआ।