स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली:- पांच राज्यों के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। तमिलनाडु में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, तो केरलम में लेफ्ट का किला ढह गया है और यूडीएफ ने बड़ी जीत हासिल की है।
विधानसभा चुनाव के परिणामों पर बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट कर जीत की बधाई दी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जीत को ऐतिहासिक करार दिया है।
उन्होंने कहा, शानदार चुनावी नतीजों के लिए पूरे BJP परिवार को बधाई! पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक और निर्णायक जीत सचमुच बेमिसाल है। असम और पुडुचेरी के नतीजे विकास और सुशासन में लोगों के अटूट विश्वास को और भी मजबूती से दर्शाते हैं। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक सोच और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के समर्पित प्रयासों का प्रमाण है।
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के नतीजे जारी किए जा रहे हैं। शाम 5 बजे तक के रुझानों में तस्वीर काफी हद तक साफ हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी 203 सीटों पर बढ़त के साथ पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस काफी पीछे छूटती नजर आ रही है।
असम में भी भाजपा 100 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है, वहीं तमिलनाडु में तमिझगा वेत्री कझगम ने बढ़त बनाकर सबको चौंका दिया है। केरल में मुकाबला पारंपरिक दलों के बीच ही सिमटा हुआ है, जबकि पुडुचेरी में NDA सहयोगी आगे हैं।
इन रुझानों के साथ देश की राजनीति का नक्शा बदलता दिख रहा है। बंगाल की जमीन पर कल तक ‘जोरा घास फूल’ (टीएमसी का चुनाव चिह्न ) लहराता था, लेकिन अब वहां ‘कमल’ खिलता नजर आ रहा है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो भाजपा और उसके नेतृत्व वाले NDA की ताकत और बढ़ेगी।