अनिल गुप्ता। स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के भव्य आयोजन के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के विजन तथा आयुष मंत्रालय के राष्ट्रव्यापी अभियान के अनुरूप 21 जून को एनडीएमसी क्षेत्र के आठ प्रमुख स्थलों पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 5,000 से अधिक योग साधकों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आगंतुकों की सहभागिता होने की संभावना है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है। एनडीएमसी क्षेत्र में शांति पथ लॉन, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, न्यू मोती बाग (आईएएस आवास), संजय झील (लक्ष्मी बाई नगर), पंडारा पार्क तथा पालिका पार्क (कनॉट प्लेस) सहित आठ प्रमुख स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए देश की प्रतिष्ठित योग संस्थाएं एनडीएमसी के साथ मिलकर योग सत्रों का संचालन करेंगी। इनमें आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, ईशा योग केंद्र, द योग गुरु इंस्टीट्यूट, मोक्षायतन योग संस्थान तथा इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन शामिल हैं।
एनडीएमसी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक बहु-विभागीय कार्ययोजना तैयार की है। इसके अंतर्गत मंच निर्माण, कारपेट एवं बैठने की व्यवस्था, उच्च गुणवत्ता वाले साउंड सिस्टम और एलईडी स्क्रीन की स्थापना, योग मैट एवं टी-शर्ट वितरण, व्यापक प्रचार-प्रसार, विशेष स्वच्छता अभियान, चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस सेवाएं, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल व्यवस्था तथा मोबाइल एवं वीआईपी शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही स्थलों को पुष्प सज्जा, लैंडस्केपिंग और आकर्षक सौंदर्यीकरण से सजाया जा रहा है।
कार्यक्रम में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशनों (एमटीए), शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। एनडीएमसी ने सभी नोडल अधिकारियों को स्थानीय नागरिकों और सामुदायिक समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
योग दिवस की तैयारियों के तहत 19 और 20 जून को तालकटोरा गार्डन तथा लोधी गार्डन में विशेष निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन भी किया गया। प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा एनडीएमसी की आयुष इकाइयों द्वारा विभिन्न स्थलों पर कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) अभ्यास, योग सत्र एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
एनडीएमसी अधिकारियों के अनुसार, कर्तव्य पथ, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन और शांति पथ लॉन जैसे प्रमुख स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। परिषद का मानना है कि यह आयोजन स्वस्थ जीवनशैली, निवारक स्वास्थ्य देखभाल, पर्यावरणीय जागरूकता और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
एनडीएमसी ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, निवासियों और आगंतुकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के कार्यक्रमों में शामिल होकर स्वास्थ्य, सद्भाव और कल्याण के इस वैश्विक जनआंदोलन का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।