
बिहार डेस्क
पटना: राज्य सरकार ने हाल में तीन नए विभागों का सृजन किया था। शनिवार को मंत्रियों के बीच इन विभागों का बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अपने पास सिविल विमानन विभाग रखा है। यह पहले भी उनके पास था। उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को दिया गया है। वे जदयू कोटा के मंत्री हैं। भाजपा कोटे के मंत्री संजय सिंह टाइगर को युवा रोजगार एवं कौशल विभाग का मंत्री बनाया गया है।
मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के बाद अब मुख्मंत्री नीतीश कुमार के पास सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवलय, निगरानी, निर्वाचन और सिविल विमानन रह गया है। इनके अलावा वे सभी विभाग मुख्यमंत्री के पास हैं, जो अन्य मंत्रियों को नहीं आवंटित किए गए हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार शिक्षा के अलावा उच्च शिक्षा और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री हैं। भाजपा कोटे के मंत्री संजय सिंह टाइगर के पास पहले श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग था।
उन्हें नवसृजित युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग का प्रभार दिया गया है। अरुण शंकर प्रसाद पर्यटन के अलावा नव सृजित कला एवं संस्कृति विभाग का प्रभार दिया गया है। सुरेंद्र मेहता को डेयरी, मत्सय एवं पशु संसाधन विभाग का मंत्री बनाया गया है।