प्रशांत कुमार
बिहार डेस्क
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में मुख्यमंत्री Nitish Kumar के आगमन से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए बनाए गए हेलीपैड परिसर में अचानक एक गाय बैरिकेडिंग के अंदर घुस गई। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा अधिकारियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने हेलीपैड परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी और चारों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई थी। इसके बावजूद एक गाय किसी तरह सुरक्षा घेरा पार कर सीधे हेलीपैड के अंदर पहुंच गई। गाय को अंदर देखते ही सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए और उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी।
काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों ने लाठी-डंडों की मदद से गाय को हेलीपैड परिसर से बाहर खदेड़ा। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों में हलचल मची रही।
सख्त सुरक्षा के बावजूद गाय हेलीपैड परिसर
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर इतनी सख्त सुरक्षा के बावजूद गाय हेलीपैड परिसर तक कैसे पहुंच गई।
हालांकि इस घटना से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन सुरक्षा प्रबंधन की सतर्कता को लेकर चर्चा जरूर तेज हो गई है।