नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) ने आज सेवा से सेवानिवृत्त हुए 47 कर्मचारियों को गरिमापूर्ण एवं सम्मानजनक विदाई दी। इस अवसर पर एनडीएमसी अध्यक्ष – श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने नई दिल्ली स्थित जय सिंह रोड के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण एवं जीपीएफ के लाभ वितरित किए।इस अवसर पर एनडीएमसी अध्यक्ष – श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक कर्मचारी को उसके वैध सेवानिवृत्ति लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और बिना किसी परेशानी के प्राप्त हों। आज हम 47 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ये लाभ प्रदान कर रहे हैं और साथ ही पुराने लंबित मामलों का भी निपटारा कर रहे हैं।उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और सभी पात्र पुराने लंबित मामलों का इसी माह के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि एनडीएमसी नई शुरुआत के साथ आगे बढ़ सके और कोई लंबित मामला शेष न रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को नियमित व्यवस्था के रूप में संस्थागत किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी प्रतिबद्धता है कि प्रत्येक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी को समय पर वह सम्मान, गरिमा और सभी लाभ प्राप्त हों, जिनका वह हकदार है।श्री द्विवेदी ने कहा, आगे से प्रत्येक माह के अंत में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके देय सेवानिवृत्ति लाभ इसी व्यवस्थित प्रक्रिया के तहत बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्रदान किए जाएंगे। हम ऐसी व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसमें पात्र सेवानिवृत्ति मामलों का कोई लंबित बैकलॉग न रहे। हालांकि, सतर्कता संबंधी मामलों, निलंबन अथवा अन्य विभागीय/कानूनी कार्यवाही से जुड़े मामलों का निपटारा लागू नियमों के अनुसार अलग से किया जाएगा।इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पालिका परिषद् के अध्यक्ष ने एनडीएमसी तथा नई दिल्ली की जनता के प्रति उनके समर्पित एवं प्रतिबद्ध सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने एनडीएमसी क्षेत्र में नागरिक सेवाओं को बनाए रखने और उन्हें सुदृढ़ करने में उनके योगदान को रेखांकित किया तथा सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, शांतिपूर्ण एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।पालिका परिषद अध्यक्ष ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल पेशेवर जीवन की समाप्ति नहीं, बल्कि जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है, जिसमें अधिक स्वतंत्रता, व्यक्तिगत संतुष्टि और नए अवसरों की संभावनाएं होती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्त कर्मचारी भविष्य में भी परिषद् से जुड़े रहेंगे और सार्वजनिक सेवा में अपने बहुमूल्य योगदान पर गर्व महसूस करेंगे।इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), ग्रेच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण के लाभ प्रदान किए गए, जो उनके सेवानिवृत्ति उपरांत जीवन में प्रवेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।इस समारोह ने एनडीएमसी की उस प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित किया, जिसके तहत परिषद् अपने कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और सेवाओं को सम्मान देती है तथा अपने प्रत्येक कर्मचारी के लिए सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण सेवानिवृत्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।सरल न्यूज़ अनिल गुप्ता
Add A Comment