सरल न्यूज़: नई दिल्ली, 24 जनवरी : पूर्व केंद्रीय मंत्री, हिमाचल की हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद व दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा के स्टार प्रचारक श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगोलपुरी, नई दिल्ली व द्वारका विधानसभा क्षेत्र में जनसभाएँ कर दिल्ली में आम आदमी पार्टी व अरविंद केजरीवाल पर महिला विरोधी होने की बात कही है।
श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ आम आदमी पार्टी व अरविंद केजरीवाल के राज में आज दिल्ली में महिलाओं पर अत्याचार उनका अपमान आम बात हो गई है। आज महिलाओं का अपमान केजरीवाल की पहचान बन गया है। नारी शक्ति के प्रति इनके पाप के कारनामों की लिस्ट अंतहीन है। केजरीवाल ने अपनी ही सांसद स्वाति मालीवाल को घर बुला कर पिटवाया, फिर अपने नेताओं से लगातार उनके ऊपर अभद्र टिप्पणी करवाई। केजरीवाल ने अपनी ही पार्टी की नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना की फोटो पोस्टरों से ग़ायब कर दी।
उनको इलेक्शन कैम्पेन में साइडलाइन कर के दिखा कि वो नारीशक्ति को दबाने में किसी भी हद तक जा सकते हैं। केजरीवाल महिलाओं को 1000 रुपये देने की बात कह के मुकर गये। बेटियों के लिए पाठशाला तो खुलवाई नहीं, गली-गली मधुशाला ज़रूर खुलवा दिया।
घटिया शिक्षा व्यवस्था के चलते केजरीवाल के राज में दिल्ली में हज़ारों बेटियाँ स्कूलों में फेल हो जा रही हैं। केजरीवाल ने दिल्ली में माँ-बहनों के सबसे पवित्र पर्व छठ पूजा को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हर साल आप टीवी में देखते होंगे कि कैसे अपनी जान पर खेल कर यमुना में इतने गंदे और झाग भरे जल में खड़े होकर हमारी माताएँ बहनें सूर्य को अर्घ्य दे रही होती हैं। इनके नेता राशन कार्ड बनाने के नाम पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न करते हैं। केजरीवाल के पार्टी के क़द्दावर नेता सोमनाथ भारती अपनी पत्नी को बुरी तरह पीटते हैं, उनके ऊपर कुत्ते छोड़ते हैं और केजरीवाल के मुँह से एक शब्द बाहर नहीं निकलता।
श्री ठाकुर ने कहा कि ये पंजाब में महिलाओं से हजार रुपए का वादा करके मुकर गए और पंजाब की महिलाओं ने जब दिल्ली आकर विरोध किया तो उन्हें “भाजपा की महिलाएं” कह कर उनका अपमान किया। आप की सरकार ने गली गली में शराब के ठेके खोल कर घरेलू हिंसा को बढ़ावा दिया और टैंकर माफिया को पोषित करके महिलाओं को पानी खोजने और लाने में उलझा दिया। कुल मिलाकर देखा जाए तो आम आदमी पार्टी के राज में महिलाओं के हित-हक़ और सम्मान पर इनके नेताओं ने डाका डालने का काम किया है।