अनिल गुप्ता
दिल्ली डेस्क
नई दिल्ली:- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय के तहत राजधानी के 9 प्रमुख स्थलों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय तथा आठ प्रतिष्ठित योग संस्थाओं के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 6,000 प्रतिभागियों ने एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।
नई दिल्ली के शांति पथ पर आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, आयुष मंत्रालय के सचिव तथा आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। वहीं, जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी ने लोधी गार्डन में आयोजित योग कार्यक्रम में सहभागिता कर योग के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने पीएसओआई क्लब, चाणक्यपुरी में आयोजित योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम में मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के स्वयंसेवकों, एनडीएमसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया।
सभा को संबोधित करते हुए केशव चंद्रा ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन योग करने से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और आंतरिक संतुलन विकसित होता है। योग व्यक्ति को अधिक स्वस्थ, एकाग्र और उत्पादक बनाता है तथा आधुनिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक मानसिक दृढ़ता और ऊर्जा प्रदान करता है।
एनडीएमसी अध्यक्ष ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, आईएएस रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स (न्यू मोती बाग), संजय झील (लक्ष्मीबाई नगर), पंडारा पार्क, पालिका पार्क (कनॉट प्लेस), पीएसओआई क्लब (चाणक्यपुरी) तथा शांति पथ सहित कुल नौ प्रमुख स्थलों पर आयोजित किए गए।
इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि ने वाल्मीकि सदन, मंदिर मार्ग में आयोजित योग कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, स्वयंसेवकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन एनडीएमसी की स्वस्थ जीवनशैली, समग्र स्वास्थ्य और जनकल्याण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
इन प्रमुख स्थलों के अलावा एनडीएमसी वृद्धाश्रम, कार्यरत महिला छात्रावास, आयुष इकाइयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा विभिन्न कार्यालयों में भी योग सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एनडीएमसी ने आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, ईशा योग केंद्र, द योग गुरु इंस्टीट्यूट, मोक्षायतन योग संस्थान और इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन के साथ सहयोग किया।
योग दिवस के अवसर पर सभी नौ स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कोलकाता से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम स्थलों पर एनडीएमसी उद्यान विभाग द्वारा योग दिवस की थीम, संदेश और शुभकामनाओं से सुसज्जित पुष्प सज्जा बोर्ड भी लगाए गए।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए एनडीएमसी ने पेयजल, मोबाइल शौचालय, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, योगा मैट तथा टी-शर्ट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। कार्यक्रमों के संचालन हेतु लगभग 10 नोडल अधिकारियों की निगरानी में करीब 1,000 कर्मचारियों की तैनाती की गई।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व 19 और 20 जून को भी एनडीएमसी द्वारा तालकटोरा गार्डन और लोधी गार्डन में निःशुल्क सामुदायिक योग सत्र आयोजित किए गए थे। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर आधारित इन सत्रों में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों ने लोगों को योगाभ्यास कराया तथा सभी आयु वर्ग के नागरिकों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए योग अपनाने हेतु प्रेरित किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन के माध्यम से एनडीएमसी ने न केवल योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।