बिहार स्पेशल
पटना: बिहार दिवस के अवसर पर नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और बिहार की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एक विशेष पत्र लिखा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की सराहना करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में कहा कि “बिहार भारत की गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति का केंद्र रहा है। उन्होंने भगवान गौतम बुद्ध के शांति और करुणा के संदेश, चाणक्य की कूटनीति और चन्द्रगुप्त मौर्या द्वारा स्थापित संगठित भारत की नींव को बिहार की अमूल्य धरोहर बताया। पीएम ने कहा कि बिहार ने देश को ज्ञान, दर्शन, राजनीति और संस्कृति के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया है।
राज्य सरकार और जनता के प्रयासों की सराहना
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी उल्लेख किया कि बिहार की धरती ने अनेक महान विभूतियों को जन्म दिया है, जिनके विचार और कार्य आज भी देश को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने बिहार के विकास, सामाजिक समरसता और आर्थिक प्रगति के लिए राज्य सरकार और जनता के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार आने वाले समय में शिक्षा, उद्योग, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री का विशेष पत्र के लिए आभार
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री द्वारा भेजे गए इस विशेष पत्र के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर प्रधानमंत्री के विचार राज्य के लोगों के लिए प्रेरणादायक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
बिहार दिवस के मौके पर राज्यभर में विभिन्न सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। लोगों ने बिहार की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और इतिहास को याद करते हुए इस दिन को उत्साह के साथ मनाया।