सरल डेस्क | अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को ईरान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। इसराइली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप ने संकेत दिया कि यदि क्षेत्रीय हालात लगातार बिगड़ते रहे तो इसराइल को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित समर्थन का सामना करना पड़ सकता है।
ईरान को लेकर अपनी सैन्य रणनीति
इसराइल के चैनल 12 को दिए गए इंटरव्यू के हवाले से सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि ईरान के साथ टकराव को ऐसे स्तर तक न पहुंचने दिया जाए जहां स्थिति पूर्ण युद्ध का रूप ले ले। रिपोर्ट के अनुसार, हालिया घटनाक्रम के दौरान नेतन्याहू ने ईरान को लेकर अपनी सैन्य रणनीति और संभावित कार्रवाई की पूरी जानकारी अंतिम चरण तक अमेरिकी प्रशासन के साथ साझा नहीं की थी। बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत किसी स्पष्ट सहमति के बिना समाप्त हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि “ट्रंप ने पहले ही नेतन्याहू को ईरान के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई से बचने की सलाह दी थी। हालांकि बाद में इसराइल की ओर से आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
“पैमाने को कम कराने” की कोशिश
ट्रंप ने इंटरव्यू में कहा कि “उन्होंने इस संभावित सैन्य प्रतिक्रिया के “पैमाने को कम कराने” की कोशिश की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्रीय संघर्ष को व्यापक युद्ध में बदलने से सभी पक्षों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ट्रंप के बयान के अनुसार, उन्होंने नेतन्याहू से कहा, “आप जो कर रहे हैं उसमें बहुत सावधानी बरतें, क्योंकि बहुत जल्द ऐसा हो सकता है कि ईरान के सामने आप अकेले रह जाएं।”
गौरतलब है कि क्षेत्र में तनाव उस समय और बढ़ गया जब इसराइल और ईरान के बीच हमलों और जवाबी कार्रवाइयों की खबरें सामने आईं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कई देशों की ओर से संयम बरतने की अपील की जा रही है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिका और इसराइल की ओर से आधिकारिक स्तर पर आगे की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।