मध्य प्रदेश के सागर जिले में तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। बांदरी–मालथौन मार्ग पर हुए इस हादसे में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे पाँच जवानों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार सभी जवान मुरैना से लौट रहे थे और सुबह लगभग 4 बजे उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
मृतकों की पहचान
– प्रधुमन दीक्षित
– अमन कौरव
– चालक परमलाल तोमर
– एक अन्य जवान जिसकी पहचान बाद में की जा रही है
इनमें से तीन जवान मुरैना के रहने वाले थे। हादसे में भिंड के डांग मास्टर विनोद शर्मा सुरक्षित बच गए हैं। वहीं, मुरैना के आरक्षक राजवीन चौहान गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें सागर के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जवानों की आकस्मिक मौत से उनके परिवारों और विभाग में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने घटना को बेहद दुखद बताया और जांच के आदेश दे दिए गए हैं।