सरल डेस्क
ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। पहले इजरायल और अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया, जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल समेत मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया। कुवैत, कतर, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में मिसाइल हमलों से क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है और कई देश इस संघर्ष में शामिल होते नजर आ रहे हैं।
इस बढ़ते युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दिख रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से महंगाई बढ़ सकती है, क्योंकि भारत समेत कई देश हॉर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए तेल आयात करते हैं। युद्ध के चलते इस क्षेत्र में बाधा की आशंका है। साथ ही शेयर बाजारों में गिरावट और सोना-चांदी जैसी सुरक्षित निवेश परिसंपत्तियों की कीमतों में तेजी की संभावना जताई जा रही है, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ी है।