दिल्ली डेस्क
दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी की रात और 10 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसका असर ज्यादा व्यापक नहीं रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद उत्तर-पश्चिमी दिशा से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड एक बार फिर तेज हो सकती है। खासतौर पर रात और अलसुबह लोगों को अधिक सर्दी का अहसास होगा। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की धुंध भी छा सकती है, जिससे सुबह और देर रात दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
बृहस्पतिवार को रहा साफ मौसम, धूप से मिली राहत
बृहस्पतिवार को जिले में कोहरे का असर देखने को नहीं मिला। सुबह आसमान साफ रहा और धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। दिनभर मौसम सामान्य बना रहा, जिससे सड़क यातायात भी सुचारु रूप से चलता रहा। हालांकि सर्द हवाओं के कारण ठंड बनी रही और शाम होते-होते ठिठुरन बढ़ गई।