प्रकाश मेहरा
विशेष डेस्क
गाज़ियाबाद। सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना को सशक्त करते हुए दुहाई स्थित एक वृद्धाश्रम में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। “महेन्दर एस्थेटिक्स स्किन एंड हेयर वैलनेस क्लिनिक” द्वारा आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
यह स्वास्थ्य शिविर स्वर्गीय महेंद्र त्यागी एवं स्वर्गीय सतीश त्यागी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। शिविर का संचालन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिव्यांशु त्यागी के नेतृत्व में किया गया, जहां मरीजों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई थी।
शिविर के दौरान लोगों की ब्लड प्रेशर और शुगर जांच की गई, वहीं त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ सलाह भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याओं को सुनकर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं।
इस अवसर पर डॉ. दिव्यांशु त्यागी ने कहा कि “स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित भोजन और बेहतर जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी।”
शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे आयोजन समाज के उन वर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं, जिन्हें नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने भी आयोजनकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
डॉ. दिव्यांशु त्यागी ने बताया कि “समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।”
स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देने वाला यह आयोजन लोगों के लिए लाभकारी साबित हुआ तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।