दिल्ली डेस्क
कश्मीरी गेट पुलिस की टीम ने आइएसबीटी से एक ऐसे आरोपित को गिरफ्तार किया है, जो राहगीरों को फ्रूटी में नशीली दवा मिलाकर पिलाता था और उनकी कीमती चाजों पर हाथ साफ कर फरार हो जाता था। आरोपित की पहचान बुराड़ी के फिलिप उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से चार फ्रूटी टेट्रा पैक बरामद किए गए, जिनमें से एक में नशीली गोलियां मिली हुई थी। इसके अलावा लोराजेपम (एटिवन 2 एमजी) की 30 गोलियां और शिकायतकर्ता के दस्तावेज वाला एक चोरी हुआ पर्स, एक चोरी की कलाई घड़ी बरामद हुई है।
जांच में पता चला कि आरोपित पिछले 21 सालों से अपराध कर रहा था और इससे पहले दिल्ली के अलग-अलग थानों में नशीली दवा देकर चोरी के चार मामलों में शामिल रहा है।
फ्रूटी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर
उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, पांच जून को शिकायतकर्ता पूर्वी मुंबई के दीपक ढिल्लोड ने कश्मीरी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 30 मई को वह सोनीपत जाने के लिए बस पकड़ने आइएसबीटी गए थे। दोपहर करीब 03:30 बजे एक संदिग्ध उन्हें दोस्ताना अंदाज में मिला और उन्हें पीने के लिए फ्रूटी दी। फ्रूटी पीते ही बेहोश हो गए।
जब उन्हें होश आया तो लाकेट वाली दो सोने की चेन, एक कलाई घड़ी, नकदी व जरूरी दस्तावेज वाला वालेट चोरी हो गया था। उन्हें शक हुआ कि संदिग्ध द्वारा की गई फ्रूटी में कोई नशीला पदार्थ मिला था, जिससे वे बेहोश हो गए।
आइएसबीटी से आरोपित को दबोचा
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आइएसबीटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपित सामान चुराते कैद हुआ। आरोपित की तस्वीरें एफआरएस (फेस रिकग्निशन सिस्टम) के जरिए पहचान के लिए दी गईं, जिसमें आरोपित की पहचान फिलिप उर्फ विक्की के रूप में हुई। टीम ने 19 जून की शाम गुप्त सूचना पर आइएसबीटी से आरोपित को दबोच लिया और उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद किया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अक्सर बस टर्मिनल जैसी जगहों पर घूमता था और दूसरे राज्यों से वहां आने वाले लोगों को शिकार बनाता था। वह उनसे दोस्ताना तरीके से मिलता था और उन्हें नशीली गोलियां मिली हुई कोल्ड ड्रिंक पिलाता था। जब लोग बेहोश हो जाते थे, तो वह उनका सामान और कीमती चीजें चुरा लेता था।